अगर आप संतुलित भोजन कर रहे हैं, नियमित रूप से एक्सरसाइज भी करते हैं, लेकिन इसके बावजूद वजन कम होने का नाम नहीं ले रहा, तो इसकी वजह केवल कैलोरी या वर्कआउट नहीं भी हो सकती। कई बार शरीर में लंबे समय तक बनी रहने वाली सूजन (क्रोनिक इन्फ्लेमेशन), बढ़ा हुआ कोर्टिसोल लेवल, कमजोर पाचन तंत्र और बार-बार पेट फूलने जैसी समस्याएं भी वजन कम करने की प्रक्रिया को धीमा कर देती हैं। ऐसे में सिर्फ डाइट बदलना ही काफी नहीं होता, बल्कि शरीर की अंदरूनी सेहत पर भी ध्यान देना जरूरी होता है।
'रिचाज फिटनेस लैब' की फाउंडर और पीसीओएस, थायरॉयड हेल्थ व डायबिटीज मैनेजमेंट की विशेषज्ञ डाइट एवं वेलनेस कोच रिचा गंगानी ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में पांच ऐसे हेल्दी ड्रिंक्स के बारे में जानकारी दी है, जिन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल कर उन्होंने 21 दिनों में अपनी कमर का साइज़ 32 इंच से घटाकर 28 इंच तक किया। उनके अनुसार, इन ड्रिंक्स ने शरीर में इन्फ्लेमेशन और कोर्टिसोल लेवल को नियंत्रित करने में मदद की, जिससे वजन घटाने की प्रक्रिया को भी सहारा मिला। आइए जानते हैं इन हेल्दी ड्रिंक्स और इन्हें पीने का सही समय।
1. चिया और अदरक का ड्रिंक
चिया सीड्स और अदरक से तैयार यह ड्रिंक शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। यह मल को मुलायम बनाने और कब्ज की समस्या को कम करने में भी सहायक माना जाता है।
कैसे बनाएं:
250 मिलीलीटर पानी में एक बड़ा चम्मच चिया सीड्स और अदरक के 4 से 5 छोटे टुकड़े डालें। इसे कम से कम 30 मिनट या पूरी रात के लिए भिगो दें। सुबह इसे हल्का गुनगुना करके पिएं।
2. अलसी का हेल्दी ड्रिंक
अलसी घुलनशील फाइबर का अच्छा स्रोत मानी जाती है। यह पाचन को बेहतर बनाने, मल त्याग को नियमित रखने और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकती है।
कैसे बनाएं:
250 मिलीलीटर पानी में एक छोटा चम्मच अलसी का पाउडर मिलाएं और सुबह खाली पेट या नाश्ते से पहले इसका सेवन करें।
3. ऑलिव ऑयल और नींबू वाला ड्रिंक
अगर आपका पाचन अक्सर गड़बड़ रहता है, तो यह ड्रिंक आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। ऑलिव ऑयल और नींबू का मिश्रण पाचन तंत्र को सक्रिय करने और सुबह मल त्याग को आसान बनाने में मदद कर सकता है।
कैसे बनाएं:
एक कप गुनगुने पानी में एक बड़ा चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल मिलाएं। इसमें आधे नींबू का रस निचोड़ें और सुबह खाली पेट इसका सेवन करें।
4. इसबगोल गट क्लेंज़ ड्रिंक
इसबगोल फाइबर का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। यह मल की मात्रा बढ़ाने, कब्ज से राहत दिलाने और आंतों की नियमित सफाई में मदद कर सकता है।
कैसे बनाएं:
250 मिलीलीटर पानी में एक छोटा चम्मच इसबगोल और एक चम्मच नींबू का रस मिलाकर तुरंत पी लें। इसका सेवन पर्याप्त पानी के साथ करना बेहतर माना जाता है।
5. जीरा, धनिया और सौंफ की हर्बल चाय
जीरा, धनिया और सौंफ का मिश्रण लंबे समय से पाचन सुधारने के घरेलू उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। यह गैस, पेट फूलने और अपच जैसी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है।
कैसे बनाएं:
300 मिलीलीटर पानी में आधा-आधा चम्मच जीरा, धनिया और सौंफ डालें। इसे 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह उबालें। इसके बाद छानकर सोने से 30 से 60 मिनट पहले इसका सेवन करें।
ध्यान दें:
ये ड्रिंक्स संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ सहायक भूमिका निभा सकते हैं, लेकिन इन्हें किसी चमत्कारी वजन घटाने वाले उपाय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यदि आपको थायरॉयड, डायबिटीज, किडनी की बीमारी, पाचन संबंधी गंभीर समस्या या कोई अन्य चिकित्सीय स्थिति है, तो इन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करने से पहले डॉक्टर या योग्य डायटीशियन की सलाह जरूर लें।


-1787664739-lb.webp)











