एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। एक के बाद एक कई सेलेब्रिटीज की शादी की खबर सामने आ रही है। इस लिस्ट में अब एक्टर प्रणय सिंह पचौरी का नाम भी जुड़ गया है। प्रणय ने 9 दिसंबर को पटकथा लेखक (स्क्रीनप्ले राइटर) सहज कौर मैनी के साथ शादी कर ली है। अब उन्होंने शादी की झलकियां शेयर की हैं। प्रणय और सहज ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जॉइंट पोस्ट में शादी की घोषणा की और वेडिंग फोटो शेयर कीं।
सहज ने पिंक कलर का लहंगा पहना था, जिस पर भारी सिल्वर जरी की कढ़ाई और स्टोन वर्क किया गया था। सहज ने लुक को मैचिंग ब्लाउज और डबल दुपट्टे के साथ कंप्लीट किया। साथ ही उन्होंने ग्रीन कलर की बीडेड से सजाए गए स्टोन-एम्बेडेड ज्वेलरी चुनी। दूसरी ओर, प्रणय ने एक कढ़ाई वाली शेरवानी, मैचिंग सफेद पैंट, एक दोशाला और एक लाल पगड़ी चुनी। बता दें कि प्रणय ने साल 2015 में फिल्म 'टाइम आउट' से एक्टिंग की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और वेब सीरीज में भी काम किया। इनमें 'तेरे लिए ब्रो', 'कर्म युद्ध', 'साल्ट सिटी', 'द केरला स्टोरी', 'क्रैश कोर्स', 'कैसी ये यारियां' और 'शेरशाह' जैसी फिल्में शामिल हैं। सहज एक मशहूर पटकथा लेखिका हैं, जिन्हें वेब सीरीज में उनके काम के लिए जाना जाता है। इनमें 'प्लीज फाइंड अटैच्ड', 'हाफ एम्प्टी', 'फुल माइट' और 'सनशाइन म्यूजिक टूर्स एंड ट्रैवल्स' से उन्हें ज्यादा प्रसिद्धि मिली।
29 नवंबर को हुई थी रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम की शादी
एक्टर रणदीप हुड्डा और मॉडल व एक्ट्रेस लिन लैशराम ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 29 नवंबर को मणिपुर के पारंपरिक तरीके से शादी कर ली। उनकी वेडिंग फोटोज खूब वायरल हुई थीं। सोमवार (11 दिसंबर) रात मुंबई में रिसेप्शन आयोजित किया गया। इसमें बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे पहुंचे।
हर स्टार का अंदाज जुदा था और सबने अपनी खूबसूरती और स्टाइल का जलवा बिखेरा।समारोह में मौजूद इतने स्टार्स को देख लग रहा था जैसे आसमां के सितारे धरती पर उतर आए हों। अब रिसेप्शन की कई इनसाइड फोटो सामने आई हैं। तमन्ना भाटिया और विजय वर्मा की जोड़ी खूब जम रही थी। फैंस जल्द उनकी शादी की तमन्ना कर रहे हैं।
एक्ट्रेस और मॉडल उर्वशी रौतेला लाल रंग के गाउन में दिखीं। वह रणदीप के साथ काम कर चुकी हैं। जैकी श्रॉफ, चंकी पांडे, डेजी शाह, जितेंद्र, शरद केलकर, नसीरुद्दीन शाह व उनकी रत्ना पाठक, जावेद जाफरी, गजराज राव, रसिका दुग्गल, फिल्म निर्माता इम्तियाज अली और उनकी बेटी सहित कई दिग्गजों ने महफिल में चार चांद लगा दिए।














