टीवी एक्टर व संगीतकार अली मर्चेंट तीसरी बार विवाह बंधन में बंध चुके हैं। अली ने गर्लफ्रेंड अंदलीब जैदी संग लखनऊ में निकाह किया। उनकी वेडिंग फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। अली ने गुरुवार (2 नवंबर) को हैदराबाद की मॉडल अंदलीब से शादी कर ली। निकाह समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। इस मौके पर परिवार और करीबी दोस्त मौजूद थे। अली ने शादी की तस्वीर शेयर की है।
अली बेगम अंदलीब संग रोमांटिक नजर आए। फोटो में अली दुल्हन को प्यार से निहारते दिख रहे हैं, जबकि अंदलीब अपने शौहर अली से शरमाती नजर आ रही हैं। दोनों ने क्रीम कलर के आउटफिट में ट्विनिंग की और उनकी जोड़ी काफी खूबसूरत लगी। अली ने क्रीम और गोल्डन कलर की शेरवानी के साथ फूलों का सेहरा, जबकि अंदलीब ने क्रीम जोड़ा पहना था।
अंदलीब ने न्यूड लिपिस्टिक और हैवी ज्वैलरी के साथ लुक कंप्लीट किया। अली ने कैप्शन में लिखा, "और अब हम हमेशा के लिए एक साथ घूम सकते हैं, हमेशा खुशियों से भरे सितारों के बाद। मुझे आपके साथ हंसने, आपके साथ रोने, आपकी केयर करने और आपके साथ सबकुछ शेयर करना अच्छा लगता है। मुझे आपके साथ दौड़ने, आपके साथ चलने, रहने में अच्छा लगता है। मैं चाहता हूं कि तुम वह व्यक्ति बनो जिसके साथ मैं अपनी बाकी की जिंदगी बिताऊं। मुझे तुम्हारे साथ रहना है और हमेशा तुम्हारा सपोर्ट करना है। आई लव यू ऑलवेज।”
अली अब 15 नवंबर को मुंबई में रिसेप्शन होस्ट करेंगे। उन्होंने ई टाइम्स के साथ बातचीत में कहा कि शादी से मैं बहुत खुश हूं। उल्लेखनीय है कि अली की पहली शादी एक्ट्रेस सारा से हुई थी। ये शादी दो महीने भी नहीं चली। इसके बाद अली ने अनम मर्चेंट संग निकाह किया लेकिन पांच साल बाद उनके रास्ते भी अलग हो गए।
इन टीवी शो में नजर आ चुके हैं अली मर्चेंट
शादी से पहले एक इंटरव्यू में अली मर्चेंट ने अंदलीब जैदी की जमकर तारीफ की थी। अली ने कहा कि अंदलीब से मेरी मुलाकात लगभग एक साल पहले हैदराबाद में हुई थी, जब हम वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर एक-दूसरे को ऑनलाइन जानने लगे थे। वह एक मॉडल हैं और बॉलीवुड में कई महत्वपूर्ण ब्रांडों और फैशन डिजाइनरों के लिए काम करती हैं। वह एक पशु बचावकर्ता भी हैं और उन्होंने 150 से अधिक जानवरों को बचाया है।
बता दें कि अली ने वेब शो ‘लिबास’ में काम किया है। हालांकि पिछले 5 सालों से उन्होंने टीवी से दूरी बना रखी है। ‘विक्रम बेताल की रहस्य गाथा’, ‘बंदिनी’, ‘आहट’ और ‘शपथ’ जैसे टीवी शो में नजर आ चुके अली का कहना है कि मुझे टीवी से ज्यादा वेब करने में मजा आता है। आप टीवी के विपरीत किसी वेब शो में कई महीनों तक एक ही किरदार नहीं निभाते हैं।














