दुनिया का अनोखा लिवर ट्रांसप्लांट, ब्लड सर्कुलेशन के लिए लगाई गाय की नसें, 14 घंटे चली सर्जरी

गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में दुनिया का पहला अनोखा लिवर ट्रांसप्लांट हुआ जिसमें गाय की नसों का इस्तेमाल किया गया। यह ट्रांसप्लांट सऊदी अरब की 1 साल की बच्ची का किया गया और सर्जरी 14 घंटे तक चली। दो हफ्ते तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद बुधवार को बच्ची को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

बता दे, बच्ची हूर अपने माता-पिता साराह और अहमद की तीसरी संतान है। उसे जन्म के तीन माह बाद ही गंभीर बीमारी ने जकड़ लिया था। सऊदी के डॉक्टर रिस्क नहीं लेना चाहते थे। इसलिए बिलियरी बाइपास सर्जरी की असफलता के बाद उन्होंने भारत में सर्जरी कराने की सलाह दी। सर्जरी सफल रही।

बच्ची के पिता अहमद ने भारत और अस्पताल के डॉक्टरों का शुक्रिया अदा किया। वही लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ गिरिराज बोरा का कहना है कि बच्ची बाइल डक्ट्स के बिना पैदा हुई थी। उसकी पोर्टल नस (पित्त नलिका) अविकसित थी। इसलिए सर्जरी में बोवाइन जग्युलर नस (गाय के गले की नस) का इस्तेमाल किया गया। यह नस नए लिवर में रक्त पहुंचाने का काम करती है। बच्ची का वजन 5.2 किलो था। ऐसे में ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया बेहद जटिल होती है। हालांकि अब वह स्वस्थ है।

डॉ गिरिराज बोरा ने बताया कि सऊदी के डॉक्टरों ने बच्ची को बिलियरी एट्रेसिया नाम की बीमारी से ग्रसित पाया। यह बीमारी 16 हजार में से एक नवजात को होती है। ऐसे बच्चों में बाइल डक्ट्स (पित्त वाहिका) का विकास नहीं हो पाता है।