पुष्कर मेले में बिकने आया 11 करोड़ का भैंसा, वजन 1570 किलो

राजस्थान में अजमेर जिले के पुष्कर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में हरियाणा के सिरसा से आए 11 करोड़ का भैंसा ‘अनमोल’ आकर्षण का केंद्र है। इस भैंसे के मालिक हरविंदर सिंह का दावा है कि 5.8 फीट ऊंचे मुर्रा नस्ल के 8 साल के अनमोल के ब्रीडिंग के जरिए अब तक 150 बच्चे हो चुके हैं। उनका दावा है कि महीने भर में अनमोल का 8 लाख का सीमन बेच देते हैं। इसके सीमन से पैदा होने वाली भैंस का वजन 40 से 50 किलो रहता है। अनमोल का वजन करीब 1570 किलो है। पिछले साल इसका वजन 1400 किलो था।

हर महीने 2.5 से 3 लाख का खर्च

अनमोल की खुराक और अन्य खर्चे मिलकर हर महीने 2.50 से 3 लाख रुपये खर्च होते हैं। इसे रोजाना एक किलो घी, 5 लीटर दूध, एक किलो काजू-बादाम, छोले और सोयाबीन खिलाए जाते हैं साथ ही अनमोल के साथ दो लोग हमेशा रहते हैं, जिन्हें अलग से सैलरी दी जाती है।

2022 में अनमोल की कीमत आंकी गई थी 2.30 करोड़

भैंसे के मालिक हरविंदर सिंह ने दावा किया कि जब साल 2022 में अनमोल को लाए थे तो इसकी कीमत 2.30 करोड़ आंकी गई थी। इस साल ‘अनमोल’ की कीमत 11 करोड़ रुपये लगाई है।