क्या यह पिरामिड कर सकता हैं कोरोना वायरस से आपका बचाव, जानें पूरा माजरा

वर्तमान समय में कोरोना वायरस का बढ़ता कहर दुनियाभर को प्रभावित कर रहा हैं और सभी इससे अपने बचाव के तरीके अपना रहे हैं। इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी मास्क और अपनी इम्युनिटी को बताया गया हैं। लेकिन क्या आपने किसी ऐसी जगह के बारे में सुना हैं जहां रहने मात्र से कोरोना से बचा जा सकता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको एक ऐसे दंपत्ति के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होनें अपने घर के पीछे मिस्र जैसा पिरामिड बनवाया हैं और इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का दावा किया है। इस पिरामिड का निर्माण कुछ इस तरह कराया गया है कि ये असली पिरामिड लगे। हालांकि यह मिस्र के पिरामिड से काफी छोटा है।

मास्को के एंड्री वख्रुशेव और उनकी पत्नी विक्टोरिया ने अपने घर के पीछे इस पिरामिड को बनवाया है। कोई भी व्यक्ति इस पिरामिड में कुछ शुल्क अदा कर ऊर्जावान होने के लिए रात गुजार सकता है। इस कपल के मुताबिक आकार के अंतर के अलावा इस पिरामिड की संरचना भी मिस्र के पिरामिड की तरह है।

सेंट पीटर्सबर्ग से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस्तिन्का नामक गांव में इस दंपती ने अपने घर के पीछे गीजा के महान पिरामिड की तरह हूबहू पिरामिड बनवाया है। मिस्र के पिरामिड से यह पिरामिड लगभग 19 गुना छोटा है। यह पिरामिड जमीन से 9 मीटर ऊपर और 9 मीटर गहरी माप वाला है, जो लगभग 400 टन कांक्रीट ब्लॉक को मिलाकर बनाया गया है।

एंड्री वख्रुशेव के मुताबिक, इस पिरामिड के निर्माण के दौरान उन्हें एक सेंटीमीटर तक की भी त्रुटि मंजूर नहीं थी। काम को लेकर पूरी तरह से सावधानी बरती गई है और पिरामिड के सटीक आकार, निर्माण में सही स्तर और काम में परफेक्शन से किसी भी तरह का समझौता नहीं हुआ है। इस पिरामिड के निर्माण के लिए इस दंपती ने एक महीने का समय अच्छा कॉन्ट्रेक्टर ढूंढने में ही लगा दिया।

एंड्री वख्रुशेव के मुताबिक, पिरामिड के निर्माण के दौरान कुछ श्रमिकों को चोट आई थी। लेकिन पिरामिड के भीतर काम करते रहने से वे जल्द ठीक हो गए। इतना ही नहीं इस पिरामिड को बनाने वाला एक भी व्यक्ति बीमार नहीं पड़ा। एंड्री का ये भी दावा है कि उनका पिरामिड लोगों की इम्यूनिटी बढ़ा सकता है, जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा टाला जा सकता है।

अगर कोई व्यक्ति इस पिरामिड के चिकित्सा लाभ उठाना चाहता है, उसे बुकिंग कराना होगा। इस पिरामिड में लोग ऊर्जा बढ़ाने और ध्यान के लिए आते हैं। पिरामिड में एक रात के लिए कम से कम 50 डॉलर चुकाने होंगे।