उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। योगी ने बैठक में स्पष्ट किया कि एसआईआर में लगाई जाने वाली मेहनत सीधे लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर-घर जाकर हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से छूट न जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह बैठक दोपहर में योगिराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित की गई थी। इसमें बीजेपी महानगर के सात मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
विपक्षी दलों पर निशानाइस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं, वही एसआईआर पर विवादित और अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्षी पार्टियां, चाहे कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, जीतने पर पुरुषार्थ का श्रेय लेती हैं और हारने पर ईवीएम को दोषी ठहराती हैं। उनका मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती को कमज़ोर करना है।
लोकतंत्र के लिए सभी का योगदान आवश्यकयोगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने एसआईआर अभियान को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया और कार्यकर्ताओं से इसे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करने का आग्रह किया। बैठक में उन्होंने मंडल अध्यक्षों से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली और प्रारूप 6, 7 और 8 के बैग कार्यकर्ताओं को वितरित किए।
बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताबैठक में सांसद रविकिशन शुक्ल, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भी संबोधन दिया। बैठक का संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया, जबकि प्रस्तावना, स्वागत भाषण और आभार ज्ञापन महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
वहीं, विधायक विपिन सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजितांशु सिंह आशु, डॉ. सत्येन्द्र सिन्हा, महानगर महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा, इन्द्रमणि उपाध्याय समेत महानगर इकाई के अन्य पदाधिकारी, राप्ती नगर, मालवीय नगर, दीनदयाल नगर, गोरक्ष नगर, आर्य नगर, बिस्मिल नगर और गीता नगर मंडलों के अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक भी उपस्थित रहे।