एयर कंडीशनर बनाने वाली प्रमुख कंपनी डाइकिन इंडिया ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल 2026 से उसके एसी की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। कंपनी के मुताबिक, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और सप्लाई चेन से जुड़े खर्चों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण यह फैसला लिया गया है। इसी वजह से कंपनी अपने एयर कंडीशनर की कीमतों में 7 से 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है।
डाइकिन इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि उत्पादन से जुड़ी लागत लगातार बढ़ती जा रही है। इन बढ़ते खर्चों का असर कंपनी की लागत पर पड़ रहा है, इसलिए अप्रैल 2026 से कंपनी अपने सभी प्रोडक्ट्स की कीमतों में संशोधन करेगी। कंपनी के अनुसार, इस कदम का मकसद कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स से जुड़े खर्चों के दबाव को संतुलित करना है।
AC इंडस्ट्री के लिए चुनौतीपूर्ण रहा पिछला सालएयर कंडीशनर उद्योग के लिए बीता साल ज्यादा अच्छा साबित नहीं हुआ था। इस महीने की शुरुआत में टाटा ग्रुप की एसी निर्माता कंपनी वोल्टास ने भी संकेत दिए थे कि आने वाले समय में एसी की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। कंपनी के अनुसार, तांबे की कीमतों में उछाल और डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से रूम एयर कंडीशनर की लागत पर दबाव बढ़ा है, जिससे कीमतों में 5 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव है।
पिछले साल बेमौसम बारिश और मौसम के अनिश्चित पैटर्न के कारण एसी की बिक्री पर भी असर पड़ा था। हालांकि उससे एक साल पहले यानी 2024 में उद्योग ने शानदार ग्रोथ दर्ज की थी, क्योंकि देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी पड़ी थी और एसी की मांग काफी बढ़ गई थी।
इस साल 1.35 करोड़ यूनिट की बिक्री का अनुमानउद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल रूम एयर कंडीशनर बाजार में कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। कंपनियां अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए नए उत्पाद और ऑफर लेकर आएंगी। अनुमान है कि भारतीय रूम एयर कंडीशनर बाजार का आकार इस साल लगभग 1.35 करोड़ यूनिट तक पहुंच सकता है।
इस बाजार में वोल्टास, एलजी, डाइकिन, ब्लूस्टार, पैनासोनिक और लॉयड जैसी बड़ी कंपनियां एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती नजर आती हैं। बढ़ती गर्मी और बदलती लाइफस्टाइल के कारण एसी की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे कंपनियां नए मॉडल और टेक्नोलॉजी पेश कर रही हैं।
डाइकिन पेश करेगी नई सीरीजजापान की बहुराष्ट्रीय कंपनी डाइकिन इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी डाइकिन इंडिया ने शुक्रवार को साल 2026 के लिए अपने नए उत्पाद पोर्टफोलियो की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि इस नई सीरीज में 60 से ज्यादा मॉडल शामिल किए गए हैं।
डाइकिन इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कंवलजीत जावा ने कहा कि 2026 की यह नई रेंज कंपनी की जापानी तकनीकी विरासत और इनोवेशन को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि इन मॉडलों को भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि बेहतर कूलिंग और ऊर्जा दक्षता का अनुभव मिल सके।