राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत से भेंट की। यह मुलाकात लाल सागर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में हुई, जहां भागवत इन दिनों ठहरे हुए हैं। दोनों नेताओं के बीच लगभग 20 मिनट तक वार्ता चली। हालांकि चर्चा की विषयवस्तु सार्वजनिक नहीं की गई। गौरतलब है कि मोहन भागवत 1 सितंबर की दोपहर जोधपुर पहुंचे थे और वे 10 सितंबर तक यहीं प्रवास करेंगे।
पश्चिम राजस्थान दौरे पर राजेवसुंधरा राजे पिछले दो दिनों से पश्चिमी राजस्थान के दौरे पर हैं। सोमवार रात वह जोधपुर पहुंचीं और अजीत भवन में विश्राम किया। इसके अगले दिन मंगलवार को वह जैसलमेर के मोहनगढ़ पहुंचीं, जहां उन्होंने पूर्व सांसद कर्नल सोनाराम के निधन पर उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
ईश्वर में आस्था से पूरी होती हैं मनोकामनाएंजोधपुर यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में राजे ने कहा, “ईश्वर में सच्ची आस्था और विश्वास रखने से इच्छाएं अवश्य पूर्ण होती हैं, चाहे इसमें कुछ समय ही क्यों न लगे।” अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने अजीत भवन से की थी। इस मौके पर उन्होंने दशम वीर तेजाजी जयंती और खेजड़ली मेले के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
रामदेवरा में पूजा-अर्चनामोहनगढ़ से लौटते समय वसुंधरा राजे रामदेवरा पहुंचीं और बाबा रामदेव की समाधि पर मत्था टेका। देर रात वह दोबारा जोधपुर लौटीं और अगले दिन सुबह लाल सागर स्थित आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मिलने पहुंचीं। वहां उनकी लगभग 20 मिनट की सार्थक बातचीत हुई।
साधु-संतों से मिलीं और लिया आशीर्वादइसके बाद वसुंधरा राजे बड़ा रामद्वारा पहुंचीं, जहां संत रामप्रसाद से उन्होंने आशीर्वाद लिया। वहीं राईका बाग के जुगल जोड़ी मंदिर में संत अचलानंद गिरी से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत वह पुनः अजीत भवन लौटीं।
एसआई अभ्यर्थियों से संवादअजीत भवन में उन्होंने हाल ही में चयनित एसआई अभ्यर्थियों से भी मुलाकात की। इस दौरान राजे ने कहा कि “किसी निर्दोष को दंडित नहीं किया जाना चाहिए और कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए।”
आज पुष्कर दौरे का कार्यक्रमएकादशी के अवसर पर बुधवार को राजे ने अजीत भवन में पूजा-पाठ किया। दोपहर बाद उनका पुष्कर जाने का कार्यक्रम तय है।