8 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म उदयपुर फाइल्स पहले से ही विवादों के घेरे में थी। रिलीज से पहले ही यह मूवी लगातार सुर्खियों में रही, लेकिन उम्मीदों के विपरीत इसे दर्शकों का साथ नहीं मिला। लंबे समय तक कोर्ट में अटकी रहने के बाद जब इसे आखिरकार मंजूरी मिली तो मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर अच्छे कलेक्शन की उम्मीद थी। मगर हकीकत यह रही कि फिल्म 2 करोड़ रुपये तक का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई।
अब फिल्म के निर्माता अमित जानी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने हिंदू समाज पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि लोग इस फिल्म को देखने तक नहीं गए, जबकि इसकी कमाई का बड़ा हिस्सा कन्हैयालाल टेलर के परिवार की मदद के लिए तय किया गया था।
अमित जानी का सवाल – क्या हिंदुओं के पास मूवी देखने का समय नहीं?वीडियो में अमित जानी ने तीखे लहजे में कहा – हिंदुओं, तुम्हारे पास बेचारे कन्हैयालाल की न्याय की लड़ाई में मदद के लिए इस मूवी को देखने का वक्त तक नहीं था। सैयारा जैसी फिल्मों पर तुमने पैसा लुटाया और अब कूली जैसी मूवी पर भी लुटा दोगे। असल में कन्हैयालाल के हत्यारे जो काम नहीं कर पाए, वो तुम लोगों ने कर दिया।
उन्होंने आगे पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी 26 निर्दोष लोग मारे गए थे, लेकिन हिंदुओं की संवेदनाएं अब किसी की मौत से प्रभावित ही नहीं होतीं।
मेरे लिए घाटे की कोई कीमत नहींअमित जानी ने स्पष्ट किया कि उन्हें आर्थिक नुकसान की परवाह नहीं है, लेकिन उन्हें इस बात का दुख है कि फिल्म का मकसद ही अधूरा रह गया। उन्होंने कहा – मेरे पास इतना बड़ा सिस्टम है कि मुझे इस नुकसान से फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन कन्हैयालाल के परिवार को मदद चाहिए थी। उनके सामने कभी कपिल सिब्बल जैसे बड़े वकील खड़े नहीं होंगे। यही वजह थी कि मैंने यह फिल्म बनाई थी ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
फिल्म की कमाई से परिवार को मदद का वादागौरतलब है कि उदयपुर फाइल्स के प्रोड्यूसर ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि फिल्म से होने वाली कमाई का 25 प्रतिशत हिस्सा कन्हैयालाल के परिवार की कानूनी लड़ाई में लगाया जाएगा। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह विफल रही, जिससे यह उद्देश्य अधूरा रह गया।
इस फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनेत और जयंत सिन्हा ने किया है। वहीं, अभिनेता विजय राज ने मूवी में कन्हैयालाल टेलर का किरदार निभाया है।