NDA उपराष्ट्रपति उम्मीदवार का चयन रविवार को, BJP संसदीय बोर्ड की अहम बैठक में होगा फैसला

जयपुर/दिल्ली। एनडीए (NDA) के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के चयन को लेकर भाजपा में मंथन अब निर्णायक दौर में पहुँच गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कल रविवार 17 अगस्त शाम 6 बजे भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसमें नेतृत्वकारी भूमिका निभाएंगे।

इस अहम बैठक में भाजपा एवं एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार का नाम तय होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार संघनिष्ठ और वरिष्ठ भाजपा नेता को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

दावेदारों में ये नाम


चर्चा में आने वाले प्रमुख नामों में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत सहित आधा दर्जन वरिष्ठ भाजपा नेताओं के नाम शामिल हैं।
पीएम-नड्डा को मिला अधिकार

पिछले सप्ताह संसद भवन में हुई एनडीए दलों की बैठक में गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का नाम तय करने का अधिकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंप दिया था। तभी से यह लगभग तय माना जा रहा है कि भाजपा का कोई वरिष्ठ नेता ही मैदान में उतरेगा।

नामांकन की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, भाजपा और एनडीए का उम्मीदवार 20 या 21 अगस्त को नामांकन दाखिल कर सकता है। नामांकन के दिन पार्टी की योजना सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेशाध्यक्षों को दिल्ली बुलाने की भी है।

बता दें कि 21 अगस्त नामांकन की अंतिम तिथि है, जबकि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 9 सितम्बर को होगा। संसद के दोनों सदनों के सांसद इसमें मतदान करेंगे।

भाजपा की रणनीति


भाजपा नेतृत्व ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी के आला सूत्रों के मुताबिक, 6 सितम्बर को सभी भाजपा सांसदों को दिल्ली बुलाने और 7-8 सितम्बर को सांसदों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने की योजना है।

संसद सत्र की पृष्ठभूमि

फिलहाल संसद का मानसून सत्र 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन अवकाश के चलते स्थगित है। सत्र 18 अगस्त से 21 अगस्त तक चलने की संभावना है। इसी दौरान नामांकन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।