जयपुर। बरकत नगर स्थित राजवंश पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल में सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाने के लिए आज एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट पेंशनर सोसायटी फॉर रोड सेफ्टी अवेयरनेस संस्था के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देना और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों को समझाना था।
सेमिनार का शुभारंभ स्कूल की निदेशक सीता चौहान ने पधारे हुए अतिथियों का स्वागत कर किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष जी.डी. अग्रवाल, सचिव अशोक राव, संयुक्त सचिव आर.डी. गोयल और उपाध्यक्ष विजय सोनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अध्यक्ष जी.डी. अग्रवाल ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए छात्रों को यातायात संकेतों और सतर्कता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में आर्किटेक्ट पंकज जैन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही सड़क हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को नियमों का पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नवल जैन ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल छात्र बल्कि पूरा समाज सड़क सुरक्षा के प्रति सजग होता है। इस सेमिनार के संयोजक जितेंद्र शर्मा रहे, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया।