राजस्थान के उदयपुर में इन दिनों शाही विवाह का उत्सव चल रहा है, जिसमें बॉलीवुड सितारे और अंतरराष्ट्रीय वीआईपी एक साथ जश्न मना रहे हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे और व्यवसायी डोनाल्ड ट्रंप जूनियर भी इस समारोह में शामिल हुए। शुक्रवार रात उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के साथ स्टेज पर जमकर डांस किया। यह भव्य शादी ऑरलैंडो के अरबपति पद्मजा और रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और सुपरऑर्डर के को-फाउंडर वामसी गादिराजू के बीच हुई।
रणवीर ने करवाया 'व्हाट झुमका' पर डांसशादी के संगीत समारोह के दौरान कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में ट्रंप जूनियर और उनकी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन स्टेज पर मौजूद दिख रहे हैं। रणवीर सिंह ने अपने अंदाज़ में उन्हें बॉलीवुड के रंग में रंग दिया। विजक्राफ्ट वेडिंग्स द्वारा साझा वीडियो में रणवीर ने मजाकिया अंदाज में ट्रंप जूनियर को टोका और अपनी फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के हिट गाने 'व्हाट झुमका' पर डांस करने के लिए प्रेरित किया। ट्रंप जूनियर ने भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रणवीर के इशारों पर डांस स्टेप्स फॉलो किए।
रणवीर ने गाया 'अपना टाइम आएगा'रणवीर सिंह केवल डांस तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने अपनी फिल्म 'गली बॉय' का मशहूर गाना 'अपना टाइम आएगा' गाकर मेहमानों का मनोऱंजन किया। बेटिना एंडरसन गोल्ड लहंगा-चोली में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि रणवीर ब्लैक फॉर्मल सूट में डैपर लुक में नजर आए। इसके अलावा रणवीर ने अपनी फिल्म 'सिंबा' के गाने 'आंख मारे' पर भी सभी मेहमानों के साथ डांस किया।
करण जौहर ने होस्ट किया इवेंटइस भव्य समारोह को निर्देशक करण जौहर ने होस्ट किया। बॉलीवुड के शाहिद कपूर, कृति सेनन, जाह्नवी कपूर, वरुण धवन और जैकलीन फर्नांडीस समेत कई सितारों ने अपनी फिल्मों के गानों पर परफॉर्मेंस दी। सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कलाकार जस्टिन बीबर और जेनिफर लोपेज भी इस सेलिब्रेशन में शामिल हुए।
भारत दौरे पर ट्रंप जूनियरडोनाल्ड ट्रंप जूनियर अपनी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन के साथ भारत दौरे पर हैं। शुक्रवार को वह जामनगर से उदयपुर पहुंचे। उदयपुर आने से पहले गुरुवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दौरा किया। इसके बाद वह सीधे उदयपुर में इस शाही शादी समारोह में शामिल हुए, जहां बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों का जमावड़ा देखा गया।