जयपुर: विदेशों में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक मंच पर लाने के उद्देश्य से ‘लैंग्वेज लैब’ स्थापित करने की घोषणा की है। इस पहल का मकसद न केवल युवाओं को विदेशी भाषाओं में दक्ष बनाना है, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंग्वेज लैब के माध्यम से युवाओं को सही दिशा दी जा सकती है और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाया जा सकता है। साथ ही, यह कदम राजस्थान के विकास और युवाओं को सशक्त बनाने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
लैंग्वेज लैब: विदेशी भाषाओं में प्रशिक्षणराज्य सरकार की पहल और इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी तथा केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के सहयोग से लैंग्वेज लैब स्थापित की जाएगी। यहां युवाओं को अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पैनिश, जापानीज जैसी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण से वे इन भाषाओं में पारंगत बनेंगे और विदेशों में रोजगार पाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
रोजगार के नए अवसरलैंग्वेज लैब में प्राप्त विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण से युवाओं के कौशल में वृद्धि होगी। यह पहल उन्हें न केवल विदेशों में, बल्कि भारत में भी पर्यटन, व्यापार, आईटी, शिक्षा और सेवा क्षेत्र में रोजगार पाने में मदद करेगी। राज्य सरकार की ओर से आयोजित ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल निवेश समिट’ में लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसमें बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने राजस्थान के युवाओं को रोजगार देने में रुचि दिखाई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए लैंग्वेज लैब स्थापित की जा रही है, जिससे विदेशों में रोजगार के अवसर और अधिक सुलभ होंगे।
दिल्ली यात्रा से विकास की सौगातमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की तीन दिवसीय दिल्ली यात्रा राजस्थान के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आई। इस दौरान उन्होंने राज्य के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और विभिन्न केंद्र योजनाओं और लंबित स्वीकृतियों को शीघ्र पूरा करने पर चर्चा की।
जयपुर मेट्रो फेज-2 को संयुक्त उपक्रम के तहत मंजूरी दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से बातचीत हुई। इसके अलावा, कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मिली स्वीकृति को राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए जयपुर में आधुनिक लैंग्वेज लैब स्थापित करने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और राज्य मंत्री जयंत चौधरी से भी विचार-विमर्श हुआ। इसके अतिरिक्त, जल परियोजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक सुधारों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई।