राजस्थान के डीग ज़िले के खोह थाना क्षेत्र के ककड़ा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां संदिग्ध हालात में एक विवाहित महिला की मौत हो गई। आरोप है कि उसकी हत्या के बाद ससुराल पक्ष ने इसे हादसा दिखाने की कोशिश की और घर के आंगन में उपलों (बिटोरे) के बीच शव को जलाने का प्रयास किया। बताया गया कि महिला की मौत बिटोरे में आग लगने से हुई है, लेकिन इससे पहले ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और फोन पर ही ससुराल वालों को अंतिम संस्कार रोकने का आदेश दिया। इसके बावजूद परिजन आनन-फानन में शव को बिटोरे से निकालकर श्मशान ले गए। हालांकि खोह थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अधजले शव को कब्जे में लेकर डीग अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया।
पुलिस ने रोकी चुपके से की जा रही अंत्येष्टिखोह थाना प्रभारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि ककड़ा गांव में सरला नामक विवाहिता की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की जा रही है। सरला मूल रूप से नगर थाना क्षेत्र के रौनीजा गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2005 में उसकी शादी खोह थाना क्षेत्र के ककड़ा निवासी अशोक से हुई थी। शादी के बाद से ही वह संतानविहीन थी, जिससे अक्सर उसे ताने और प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी।
मायके वालों ने पति और ससुराल पर लगाया हत्या का आरोपघटना की खबर सुनकर मृतका के परिजन डीग अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने सरला के पति अशोक और उसके परिवारवालों पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के भाई विक्रांत का कहना है कि शादी के बाद से ही बच्चे न होने के कारण बहन को मारपीट और अपमान का सामना करना पड़ा। कई बार उन्होंने अशोक और उसके परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति कुछ समय बाद फिर वैसी ही हो जाती थी।
विक्रांत ने आरोप लगाया कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार उसकी बहन की हत्या कर दी गई और शव को गोबर के बिटोरे में जलाने की कोशिश की गई। जब तक उन्हें खबर मिली, तब तक पुलिस शव को डीग अस्पताल ले जा चुकी थी।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनातइस घटना के बाद ककड़ा गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है कि आखिर सरला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन जिम्मेदार है।
सरला के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। परिवार का कहना है कि उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी जान ले ली गई। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।