दिसंबर के अंतिम सप्ताह में राजस्थान में सर्दी ने पूरी जोर पकड़ ली है। बीते सोमवार को अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड, कोल्ड वेव और कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। इसका असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ देखा गया। हनुमानगढ़, करौली, माउंट आबू, फतेहपुर (सीकर) समेत कई इलाकों में ओस की बूंदें जम गईं और पाले की शुरुआत हो गई। इस कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर से राज्य में मावठ यानी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
फतेहपुर में ठिठुरन जारीपिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रेक्षण में राज्य में आर्द्रता 40 से 85 प्रतिशत के बीच रही।
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमानमौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया: अजमेर 9.7 डिग्री, भीलवाड़ा 9.0 डिग्री, अलवर 4.8 डिग्री, जयपुर 9.3 डिग्री, पिलानी 6.0 डिग्री, सीकर 5.0 डिग्री, कोटा 8.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ 8.8 डिग्री, बाड़मेर 12.6 डिग्री, जैसलमेर 10.4 डिग्री, जोधपुर 11.5 डिग्री, माउंट आबू 5.1 डिग्री, बीकानेर 12.8 डिग्री, चूरू 6.3 डिग्री, श्री गंगानगर 8.9 डिग्री, डूंगरपुर 11.4 डिग्री, जालौर 7.6 डिग्री, सिरोही 7.3 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) 3.5 डिग्री, करौली 6.8 डिग्री, दौसा 4.5 डिग्री, झुंझुनूं 7.1 डिग्री सेल्सियस।
11 जिलों में घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट30 दिसंबर की सुबह उत्तर और पश्चिमी राजस्थान में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा और शीतलहर का असर रहने की संभावना है। बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सूरतगढ़, अनूपगढ़, नोहर, पिलानी, खेतड़ी, राजगढ़ जैसे जिलों में पाले की संभावना बनी हुई है, जिससे किसानों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
31 दिसंबर से 1 जनवरी तक बारिश के संकेतजयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश/मावठ की संभावना है। 1 जनवरी 2026 को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 2 जनवरी से मौसम फिर से शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में जनवरी के पहले सप्ताह में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। आगामी तीन-चार दिनों में अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।