राजस्थान में हो रही लगातार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। जालोर जिले का चांदना गांव अब चारों तरफ से बाढ़ जैसे पानी में घिरकर टापू का रूप ले चुका है। गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई और रात 12 बजे से झमाझम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।
खारी और सुकड़ी नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण चांदना से सियाणा और बेटा जाने वाले सभी रास्ते बंद हो गए हैं। निचले इलाकों में पानी घुसने से लोगों के घर जलमग्न हो गए और हालात भयावह होते जा रहे हैं।
शादी की खुशियां बनी चिंता, मरीजों की हालत नाजुकगांव में दो मरीजों की तबीयत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन रास्ते बंद होने से उन्हें अस्पताल तक ले जाना संभव नहीं हो पा रहा। वहीं, गांव में एक शादी समारोह भी बाधित हो गया है। बरात को गांव तक पहुंचना था, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण बाराती अब तक फंसे हुए हैं।
गांव के लोग लगातार नदियों का उफान देखने के लिए जमा हो रहे हैं। जहां एक तरफ लोगों में बाढ़ का खौफ है, वहीं उत्सुकता के चलते कई ग्रामीण पानी के तेज बहाव को देखने उमड़ रहे हैं।
बहते पानी में गाड़ियां फंसी, प्रशासन अलर्टसियाणा बस स्टैंड पर तेज धार में कई वाहन फंस गए। बेताल बस स्टैंड के पास एक इनोवा कार बहते पानी में धंस गई। इसी तरह भेटाला-चिपरवाड़ा मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर भी पानी के वेग में अटक गई। गनीमत यह रही कि चालक समय रहते बाहर निकल आया, लेकिन वाहन को अब तक बाहर नहीं निकाला जा सका है।
हालात गंभीर होते देख जिला प्रशासन सतर्क मोड पर है। जिला परिषद ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं।