स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि तेज बारिश के दौरान राहुल बिना छाते के खड़े दिखाई दिए, जिससे उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा इस बार इतनी ऊंचाई पर लगाया गया था कि उसे रिमोट के माध्यम से फहराना पड़ा।
राहुल गांधी का संदेश और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलिकार्यक्रम के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से हमें मिली यह आज़ादी उस भारत के निर्माण का संकल्प है, जहां सत्य और समानता की नींव पर न्याय स्थापित हो, और हर दिल में सम्मान व भाईचारा पनपे। इस अमूल्य धरोहर की गरिमा और सम्मान की रक्षा करना हम सबका परम कर्तव्य है। जय हिंद, जय भारत।
प्रियंका गांधी का भावपूर्ण संदेशकांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी देश को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई। हमारे लाखों वीर नायकों ने अनगिनत बलिदान देकर हमें यह आज़ादी दिलाई और हमें लोकतंत्र, न्याय, समानता और एकता का अमूल्य सूत्र सौंपा। ‘एक व्यक्ति – एक वोट’ के सिद्धांत ने हमें एक मजबूत जनतंत्र दिया है। अपनी स्वतंत्रता, संविधान और इसके मूल्यों की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अटल है। जय हिंद, जय भारत।
देशभर में आज़ादी का उत्सवस्वतंत्रता दिवस पर पूरा देश देशभक्ति के रंग में डूबा नज़र आया। राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया। जगह-जगह सरकारी संस्थानों, स्कूलों और सामाजिक संगठनों में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।