Tokyo Olympic : भारत की एक और पदक उम्मीद टूटी, मुक्केबाज सतीश कुमार क्वार्टर फाइनल में हारे

टोक्यो ओलंपिक में रविवार को विभिन्न खेलों की अलग-अलग इवेंट जारी है। इनमें भारतीय एथलीट भी खुद को आजमा रहे हैं। भारत आज इस ओलंपिक में तीसरा पदक पक्का करने से चूक गया। दरअसल पुरुष 91 किग्रा+ भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हमारे मुक्केबाज सतीश कुमार को 2019 के विश्व चैंपियन उजबेकिस्तान के बाखोदिर जालोलोव से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। जालोलोव ने सतीश पर मुक्कों की बरसात कर दी। सतीश अटैकिंग के बजाय डिफेंसिव मोड में ही नजर आए। सतीश मेंस सुपर हैवीवेट वर्ग में ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाले पहले मुक्केबाज थे। सतीश पहले मुकाबले में चोटिल हो गए थे और उनका आज खेलना मुश्किल लग रहा था।

लवलीना बोरगोहेन कर चुकी हैं पदक पक्का

अपने पहले मैच में सतीश ने कमाल का खेल दिखाते हुए जमैका के रिकार्डो ब्राउन को 5-0 से धोया था। आपको बता दें कि लवलीना बोरगोहेन (69 किलो वर्ग) महिला बॉक्सिंग में मेडल पक्का कर चुकी हैं। ये ओलंपिक इतिहास में भारत का मुक्केबाजी में तीसरा पदक है। लवलीना सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। हारने पर भी उन्हें कांस्य मिलना तय है। भारत को बीजिंग (2008) में विजेंदर सिंह ने 75 किलो में और लंदन (2012) में एमसी मैरीकॉम ने 51 किलो फ्लाईवेट में कांस्य पदक दिलाए थे।


आज भारत को बैडमिंटन और हॉकी में उम्मीद

भारत के लिए पदक की दृष्टि से आज का दिन महत्वपूर्ण है। बैडमिंटन में रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु करोड़ों भारतीयों की उम्मीदों का बोझ लेकर उतरेंगी। वे महिला एकल के कांस्य पदक मुकाबले में चीन की बिंग जियाओ से भिड़ेंगी। मुकाबला शाम पांच बजे शुरू होगा। पुरुष हॉकी टीम पर भी फैंस की नजर रहेगी। भारत को आज क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन की चुनौती से पार पाना है। मुकाबला शाम 5.30 बजे से शुरू होगा।