‘हम सरेंडर नहीं कर सकते…’ उस्मान तारिक को लेकर बोले सूर्यकुमार यादव; प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया बड़ा खुलासा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे चर्चित मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले फैंस की निगाहें पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक पर टिक गई हैं। उनके बॉलिंग एक्शन ने पहले ही क्रिकेट जगत में हलचल मचा रखी है, और भारतीय बल्लेबाज पहली बार उनके सामने उतरेंगे। ऐसे में शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव से उस्मान तारिक को लेकर सवाल किया गया।

उस्मान तारिक को लेकर सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि टीम इंडिया उस्मान तारिक जैसी गेंदबाजी के सामने कैसी रणनीति अपनाएगी। इस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा, “ऐसा कुछ नहीं है जो हमारी तैयारी के सिलेबस से बाहर हो। वह एक अलग तरह के गेंदबाज हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम सरेंडर कर देंगे। हम उनका सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उत्साहित भी हैं। हम जानते हैं कि हमें उनकी गेंदबाजी को समझकर ही खेलना होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “कभी-कभी परीक्षा में सिलेबस से हटकर सवाल आते हैं। ऐसे ही कुछ परिस्थितियों में हमें कुछ नया अपनाना पड़ता है। गेंदबाजी के मामले में वह अलग हैं, लेकिन हम अभ्यास में उन्हीं जैसी परिस्थितियों के लिए तैयार रहते हैं और उसी रणनीति को मैच में लागू करने की कोशिश करेंगे। सरेंडर हमारे शब्दकोष में नहीं है।”

पाकिस्तानियों से हाथ मिलाने पर भी दिया जवाब

पाकिस्तानी टीम के खिलाफ मुकाबले में हैंडशेक को लेकर जब सवाल उठाया गया, तो सूर्यकुमार यादव ने फोकस बनाए रखा। उन्होंने कहा, “हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं। हमारी पूरी तैयारी खेल पर केंद्रित है। हैंडशेक और परंपरा की बातें कल निर्णय के बाद साफ होंगी। फिलहाल हमारा ध्यान सिर्फ खेल पर है।”

पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा का बयान

साथ ही पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हैंडशेक को लेकर निर्णय हम कल करेंगे। मेरी व्यक्तिगत राय मायने नहीं रखती। हमारा ध्यान खेल की भावना पर है। मैं चाहता हूं कि यह मैच उसी भावना के साथ खेला जाए, जिस तरह से क्रिकेट हमेशा खेला जाना चाहिए।”

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड बनाया है। अब 15 फरवरी का मुकाबला केवल खेल का ही नहीं, बल्कि रणनीति, साहस और मानसिक दबाव का भी टेस्ट होगा। सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया ने साफ कर दिया है कि कोई भी चुनौती उन्हें डराएगी नहीं, चाहे वह उस्मान तारिक की गेंदबाजी हो या पाकिस्तानी रणनीति।