चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ 9 साल बाद वापसी करने वाले रविचंद्रन अश्विन ने एक बार फिर फ्रेंचाइजी से नाता तोड़ने का फैसला कर लिया है। उन्होंने इस बारे में टीम प्रबंधन को औपचारिक रूप से सूचित कर दिया है। हालांकि, इस अचानक लिए गए फैसले के पीछे की असली वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में अश्विन को चेन्नई ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वह 2015 के बाद पहली बार सीएसके की जर्सी में नजर आए थे। लेकिन अब खबर है कि वे ना सिर्फ टीम, बल्कि CSK की क्रिकेट एकेडमी से भी अपना जुड़ाव खत्म कर रहे हैं, जहां वह डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस की भूमिका निभा रहे थे।
हितों के टकराव से बचने के लिए अलगावसूत्रों की मानें तो अश्विन किसी अन्य आईपीएल फ्रेंचाइज़ी से जुड़ने की योजना बना रहे हैं। ऐसे में वह नहीं चाहते कि CSK एकेडमी से उनका जुड़ाव किसी भी प्रकार के कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट (हितों के टकराव) का कारण बने। इसलिए उन्होंने खुद को पूरी तरह फ्रेंचाइज़ी से अलग करने का निर्णय लिया है।
2025 में प्रदर्शन रहा निराशाजनकआईपीएल 2025 अश्विन के लिए व्यक्तिगत और टीम दोनों स्तर पर निराशाजनक रहा। उन्होंने 9 मैचों में सिर्फ 7 विकेट लिए और बल्ले से महज़ 33 रन बनाए। वहीं, CSK की टीम पूरे सीज़न में संघर्ष करती रही और अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही।
यह देखना अब दिलचस्प होगा कि अश्विन अगली आईपीएल नीलामी में किस टीम का हिस्सा बनते हैं और क्या वे अपने करियर को एक नई दिशा दे पाएंगे।