भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महा-मुकाबले से क्रिकेट फैंस की उम्मीदें चरम पर हैं। इस बड़े मुकाबले से एक दिन पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया। इनमें से एक सवाल पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हैंडशेक को लेकर भी था। इस पर सूर्यकुमार यादव ने बिना देर किए टीम इंडिया का रुख स्पष्ट किया और क्रिकेट फैंस को इंतजार का संदेश दिया।
“बस चौबीस घंटे का इंतजार करें”प्रेस कॉन्फ्रेंस में हैंडशेक को लेकर पूछे गए सवाल पर सूर्यकुमार यादव ने कहा, “आप सभी 24 घंटे का इंतजार करिए। हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं। अपना खेल खेलेंगे, अच्छे से खाना खाइए और अच्छी नींद लीजिए। कल फैसला होगा और तभी आप सभी को इसका जवाब मिल जाएगा।” उन्होंने साफ किया कि टीम का फोकस खेल पर ही रहेगा। भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने पिछली बार एशिया कप 2025 में दुबई में एक-दूसरे से हैंडशेक नहीं किया था। यह टूर्नामेंट उस समय खेला गया था जब पहलगाम हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया था।
पाकिस्तानी कप्तान का रुखटीम इंडिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से भी हैंडशेक नीति के बारे में सवाल किया गया। उन्होंने कहा, “इस बारे में हम कल निर्णय लेंगे। मेरी राय शायद मायने नहीं रखती, लेकिन खेल भावना को हमेशा बनाए रखना चाहिए। क्रिकेट को उसी सच्चाई और भावना के साथ खेला जाना चाहिए जैसा इसे हमेशा खेला जाना चाहिए था।”
टीम इंडिया का पाकिस्तान पर दबदबाटी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में भारतीय टीम 7 बार जीत हासिल करने में सफल रही है। ऐसे में 15 फरवरी का मुकाबला दोनों टीमों के लिए चुनौती और रोमांच से भरपूर रहने वाला है।
सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्पष्ट कर दिया कि मैच के पहले कोई भड़कीला बयान या विवाद नहीं टीम के फोकस को हिला सकता। अब 24 घंटे का इंतजार कर ही क्रिकेट प्रेमियों को पता चलेगा कि हैंडशेक का मामला किस दिशा में जाएगा।