जालंधर : बंद कमरे में मिली बिहार के युवक की जली लाश, सिगरेट बताई जा रही मामले की जड़

पंजाब के जालंधर में एक वीभत्स नजारा देखने को मिला जिसमें एक कमरे के अंदर शख्स की जली हुई लाश मिली हैं। शख्स संजीत लाल (28) बिहार का रहने वाला था और यहां सुनार की दुकान पर काम करता था। डीसीपी गुरमीत सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वह बिहार से जालंधर के लिए रवाना हो गए हैं।

घटना का खुलासा हुआ जब संजीत लाल शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो दुकान मालिक प्रदीप ने उसे फोन किया। उसका नंबर नहीं लग रहा था। इसके बाद प्रदीप उसे देखने कमरे पर पहुंचे। कमरे के भीतर से धुआं निकल रहा था। प्रदीप दरवाजा खोलकर अंदर गया तो संजीत लाल झुलसी हालत में पड़ा था। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। उधर, कमरे का सामान पूरी तरह से जल चुका था। ऐसी आशंका है कि संजीत लाल सिगरेट पीने का आदी था। सिगरेट के कारण आग लग गई होगी। आग की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया और कमरे में रखा सामान भी जल गया।