दिवाली पर सियासी दिग्गजों के बधाई संदेश, PM मोदी से योगी और शशि थरूर तक ने दी शुभकामनाएं

देशभर में आज 8 नवंबर 2026 को दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े राजनीतिक नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने अपने संदेशों में लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की बधाईप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं।इससे पहले दीपावली की पूर्व संध्या पर भी प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों को त्योहार की बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि रोशनी का यह पर्व पूरे देश को जगमगा देता है और अंधकार पर विजय पाने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि दिवाली और आने वाला समय सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए।प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि वह इस बार भी देश के वीर जवानों के साथ दिवाली मनाने की परंपरा जारी रखेंगे। नितिन नवीन ने अयोध्या के दीपोत्सव को बताया ऐतिहासिकबीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अयोध्या में मनाए जा रहे दीपोत्सव का जिक्र करते हुए इसे अलौकिक, भव्य और दिव्य बताया।उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा दीपोत्सव ऐतिहासिक है। सदियों के लंबे इंतजार के बाद रामलला के अपने निज मंदिर में विराजमान होने से इस बार का उत्सव और भी विशेष हो गया है।उन्होंने सभी देशवासियों को दीपावली की अनंत शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में खुशहाली की कामना की।सीएम योगी ने दिया सेवा और सद्भाव का संदेशउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि सत्य की साधना और सर्वमंगल की सनातन भावना का यह पावन महापर्व सभी के जीवन में मंगल लेकर आए।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की पुण्य स्मृति से जुड़ा यह त्योहार लोगों को सेवा, समरसता और सद्भाव के साथ लोक-कल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।उन्होंने कामना की कि कोई भी आंगन अंधकार में न रहे और कोई भी जीवन आशा से वंचित न हो। प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से हर जगह सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश फैले। अपने संदेश के अंत में उन्होंने जय जय सियाराम लिखा।शशि थरूर ने तस्वीर शेयर कर दी दिवाली की बधाईकांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल से सांसद शशि थरूर ने भी दीपावली के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी एक तस्वीर साझा की और इसके साथ 'हैप्पी दिवाली' लिखकर लोगों को त्योहार की बधाई दी।