हरियाणा में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन; रेवाड़ी, हिसार और नारनौल का तापमान 2 डिग्री तक पहुंचा

हरियाणा में अगले 24 घंटे में रात का पारा शून्य की ओर जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 13 से 16 जनवरी तक कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। वहीं, मंगलवार को रेवाड़ी में रात का पारा 2.0, हिसार में 2.2 और नारनौल में 2.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हरियाणा में दिन का पारा सामान्य से 6 डिग्री नीचे पहुंच गया। पंचकूला में यह 11.3, करनाल में 12.4 और अम्बाला में 12.6 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा के कई जिलों में सुबह कोहरे के कारण कुछ स्थानों पर दृश्यता शून्य हो गई। मौसम विभाग ने देश के उत्तरी मैदानी क्षेत्रों में अगले 4 दिन तक शीतलहर चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के उत्तरी मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। इससे पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की आशंका है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग क अनुसार जनवरी में इस समय ठंड का आखिरी स्पेल है। दिन व रात की ठंड दोनों ही रिकार्ड तोड़ सकती है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, इससे नीचे तापमान जाने के बाद पाला जमने की संभावना बढ़ जाती है। दिन के तापमान में भी रिकार्ड गिरावट देखने को मिल रही है।