पत्रकार छत्रपति हत्याकांड के मामले में राम रहीम के खिलाफ फैसला आज, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में होगी पेशी, पंजाब-हरियाणा में अलर्ट

पत्रकार छत्रपति हत्याकांड के मामले में पंचकूला अदालत डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ आज (शुक्रवार) फैसला सुना सकता है। मुख्य आरोपी डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी होगी। फैसला सुनाए जाने के मद्देनजर हरियाणा और पंजाब के कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पंजाब के मालवा क्षेत्र के आठ जिलों की सुरक्षा के लिए 25 कंपनियां तैनात की गई हैं। जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इस मामले में आरोपी है।

हरियाणा में, विशेषकर पंचकूला, सिरसा (डेरा मुख्यालय) और रोहतक जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। यहां कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति से निपटने के लिये राज्य सशस्त्र पुलिस की कई कंपनियों, दंगा विरोधी पुलिस और कमांडो बल को तैनात किया जा रहा है।

हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) मोहम्मद अकील ने कहा, "हरियाणा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।" पुलिस अधिकारी ने कहा कि सभी जिलों की पुलिस को लोगों को गैरजरूरी रूप से जमा होने से रोकने और अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में नाकेबंदी भी की गई है।

पुलिस ने कहा कि सिरसा में डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय के नजदीक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अगस्त 2017 में राम रहीम को सजा सुनाए जाने के दौरान हरियाणा के सिरसा और पंचकूला में हिंसा भड़क गई थी, जिसमें 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। 51 वर्षीय राम रहीम अपनी दो अनुयायियों के बलात्कार के जुर्म में रोहतक की सुनारिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा है।