मुजफ्फरनगर: जिन युवकों ने फेसबुक पर नाम बदलकर की लड़की से दोस्ती, वे ही उसका अपहरण करने पहुंचे

हरियाणा के बल्लभगढ़ घटना को अभी दो दिन ही हुए है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से ऐसी ही एक और घटना सामने आई है। यहां नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में स्थित गांधी कॉलोनी में समुदाय विशेष के तीन युवकों ने भाई के साथ ट्यूशन पढ़ने जा रही लड़की के अपहरण का प्रयास किया। भाई ने विरोध करने की कोशिश की युवकों ने दोनों की पिटाई कर दी। शोर शराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

आरोपी युवकों ने अपना नाम बदलकर फेसबुक पर लड़की से दोस्ती की थी जैसे ही असलियत का खुलासा हुआ तो लड़की ने उन्हें ब्लॉक कर दिया था। पीड़ित युवती की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक खालापार निवासी अरमान और उसके साथियों ने फेसबुक पर नाम बदलकर पहले युवती से दोस्ती की और जब युवती को युवकों की असलियत मालूम पड़ी तो पीड़िता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर तीनों को ब्लॉक कर दिया। इसी बात से नाराज युवकों ने युवती के अपहरण करने की कोशिश की।
कार से भाई के साथ ट्यूशन पढ़ने जा रही थी छात्रा

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी निवासी एक युवती मंगलवार की शाम अपने भाई के साथ कार द्वारा घर से ट्यूशन जा रही थी। जैसे ही दोनों बहन-भाई भावना पैलेस के सामने पहुंचे, तभी तीन युवकों ने कार के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी और सरेआम युवती को कार से खींचने का प्रयास करने लगे। इतने में बहन को बचाने के लिए भाई दौड़ा तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। लेकिन मामला बढ़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने जमानती धाराओं में केस दर्ज किया

इस घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने देर रात तहरीर के आधार पर खालापार निवासी अरमान, आरिफ और अजीम के खिलाफ 323, 504, 506, 354, 427 के तहत अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया है। यह सभी जमानती धाराएं हैं। हालांकि परिवार अभी इस प्रकरण में चुप है।वल्लभगढ़ में क्या हुआ था?

हरियाणा के बल्लभगढ़ में एक कॉलेज की छात्रा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। निकिता तोमर नाम की लड़की अपने बीकॉम फाइनल ईयर की परीक्षा देकर निकल रही थी। तभी आरोपी तौसीफ वहां पहुंचा और उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने लगा। जब लड़की ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। ये सब हुआ बीच-बाजार, लोगों की आंखों के सामने और लोग तमाशबीन बने ये सब होता देखते रहे। परिवार का आरोप है कि लड़का उनकी बेटी पर धर्म बदलकर शादी करने का दबाव डाल रहा था। दो साल पहले उसने लड़की को किडनैप करने की कोशिश की थी और पुलिस को भी यह बात पता थी।