मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर कार में मिले 3 शव, आत्महत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मथुरा (Mathura) के यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह एक गाड़ी खड़ी मिली है। गाड़ी अंदर से लॉक थी। कार न खुलने पर उसका शीशा तोड़ा गया तो अंदर 3 लाशें पड़ी मिली। जबकि एक बच्चे की सांसें चल रही थी , जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस (Police) के मुताबिक प्रथम दृष्टया कारोबार में घाटा और पारिवारिक कलह के वजह से आत्महत्या जैसा कदम उठाया लग रहा है। पुलिस ने मौके से एक नोट भी बरामद किया है। मृतक की पहचान गऊ घाट स्थित लाल दरवाजा निवासी नीरज अग्रवाल, उनकी पत्नी नेहा अग्रवाल और बेटी धान्या अग्रवाल के रूप में हुई है। वहीं बेटे शौर्य अग्रवाल को गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट कराया गया है। मृतक नीरज अग्रवाल सर्राफा व्यवसायी थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शलभ माथुर का कहना है कि कारोबार में घाटा और पारिवारिक कलह की वजह से परिवार ने सुसाइड किया है। एक बच्चा घायल है। उन्होंने बताया कि आत्महत्या की घटना को कार के अंदर ही अंजाम दिया गया। गाड़ी से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।