भीलवाड़ा : परिवार के लिए काल बनी रोडवेज बस, तीन युवकों की हुई मौत

उपखंड मुख्यालय से चार किलोमीटर दूर मुंशी का कुआं के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों राजपुरा गांव के एक ही परिवार के थे। थानाधिकारी भागीरथसिंह ने बताया कि बुधवार शाम 7 बजे वैशालीनगर आगार की बस जयपुर से शाहपुरा की तरफ जा रही थी।
गोदारा पेट्रोल पंप और मुंशी का कुआं के बीच इसने सामने से आती बाइक काे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दो युवओं की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस शव व एक घायल काे लेकर अस्पताल पंहुची। अस्पताल में तीसरे युवक ने भी दम ताेड़ दिया। इनकी पहचान हुकमपुरा पंचायत के राजपुरा निवासी प्रभूलाल (25) पुत्र सोजीराम गुर्जर, दलीचंद उर्फ दल्लाराम (29) पुत्र हगामीलाल गुर्जर हूण व राजूलाल (20) पुत्र छोटूलाल गुर्जर हूण के रूप में हुई। तीनों शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चीरघर मे रखवाए गए हैं। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।