आवभगत में रसगुल्ला पड़ा भारी, 300 बाराती बीमार

सीतापुर के सिधौली क्षेत्र के कमलापुर गांव से गोंडा के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के उमरी डीह गांव में आई बारात में रसगुल्ला खाने से 300 से अधिक बाराती और घराती बीमार पड़ गए। शुक्रवार 27 अप्रैल को बारात पहुंची तो वहां लोगों की खूब आवभगत हुई। नाश्ते में बारातियों को चाट पकौड़े के साथ रसगुल्ला परोसा गया। नाश्ता के बाद बाराती खाना खा रहे थे तभी एक एक कर लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोग उल्टी दस्त से पीड़ित हो गए। यह देख बारात में अफरातफरी मच गई। 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों से लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां हालात अत्यंत गंभीर होने जाने की वजह से गोंडा जनपद से भी अतिरिक्त दो एंबुलेंस मंगवाई गयी। करीब 300 लोग उल्टी दस्त से पीड़ित हो गए। पीड़ितों में से 120 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर में भर्ती किया गया। बाकी लोगों को निजी चिकित्सकों के यहां इलाज कराया गया।

ये है अभी भर्ती : रजई(60), रितिक (9), श्रेया (10), उत्कर्ष (8), राज (10), नितिन (8), शिवानी(13), सागर (6) सनी (14), पम्मी (28), गुड्डू नाउ(50), बलवन्त (32) आदर्श (10), आशीष (23), अर्चना (14) व अन्य लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती किया गया है।

स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. तरूण मौर्या का कहना है कि खाद्य पदार्थ में गड़बड़ी के चलते लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए हैं। जिसमें एक बाराती राजा राम उम्र 50 वर्ष की स्थिति गंभीर है, उसे गोंडा जनपद रेफर कर दिया गया है। अन्य सभी लोगों को प्राथमिक उपचार करके घर वापस भेज दिया गया है। सभी लोगों की स्थिति खतरे से बाहर है।