राजस्थान के सिरोही जिले में गुरुवार (12 मार्च) को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। स्वरूपगंज इलाके में आमने-सामने आ रहे दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे एक ट्रेलर में सवार चालक और खलासी आग की लपटों में फंसकर जिंदा जल गए। वहीं दूसरे ट्रेलर में मौजूद ड्राइवर और खलासी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह एक ट्रेलर का अचानक टायर फटना बताया जा रहा है। टायर फटते ही वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रेलर बेकाबू होकर सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेलरों में तुरंत आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। दूर-दूर तक दिखाई दी आग की लपटें
हादसे के बाद उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई देने लगा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रेलर में मौजूद चालक और खलासी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया और वे आग की चपेट में आ गए। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर और खलासी को बाहर निकाल लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, कुछ देर बाधित रहा यातायात
घटना की सूचना मिलते ही स्वरूपगंज थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने आग बुझाने और हालात को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात को भी संभाला। हादसे के बाद कुछ समय तक इस मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित रहा।