शहर में रविवार दाेपहर प्रतापनगर और सुभाषनगर थाना क्षेत्राें में बाइक सवार बदमाशाें ने दाे महिलाओं के गले से साेने की चेनें छीन लीं। करीब 5 किलाेमीटर की दूरी पर हुई दाेनाें घटनाओं के बीच समय अंतराल महज 55 मिनट का रहा।
पुलिस तक सूचना पहुंचती, उससे पहले ही बदमाश दूसरे क्षेत्र में भी पुलिस की पड़ताल में प्रारंभिक ताैर पर दाेनाें वारदाताें में एक ही बाइक सवार बदमाश हो सकते हैं। प्रतापनगर थाना प्रभारी भजनलाल ने बताया कि संचेती कॉलोनी में मंजूदेवी पत्नी रविधर दुबे रविवार दोपहर घर के बाहर चबूतरी पर बैठी थीं। इस दौरान बिना नंबरी बाइक पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने मंजूदेवी के गले से चेन छीन ली और दाेनाें गायब हाे गए। महिला की चीख सुनकर लोग पहुंचे।
उधर, सुभाषनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासाेटिया ने बताया कि आरसी व्यास कॉलोनी निवासी राधा पत्नी रमेशचंद्र बिड़ला घर के आस-पास टहल रही थीं। इस दौरान बिना नंबरी बाइक पर आए दाे बदमाशों ने राधादेवी के गले से 2 ताेला वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। सीआई कासाेटिया ने बताया कि उन्हाेंने संचेती काॅलाेनी के सीसीटीवी फुटेज दिखाकर बदमाशाें के हुलिए की पहचान की काेशिश की। क्षेत्रवासियाें ने इन्हीं बदमाशाें द्वारा आरसी व्यास काॅलाेनी में चेन छीनने की आशंका जताई है।संचेती काॅलाेनी में बाइक चलाने वाले बदमाश ने मास्क और पीछे बैठे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। पीछे बैठा चाैकड़ीदार शर्ट पहने बदमाश बाइक से उतरकर मंजूदेवी के पास गया और गले से साेने की चेन छीन ली। उसके हाथ आधी चेन ही लगी।