जयपुर : 11 साल बाद आई ऐसी जनवरी, 21 दिन बीतने के बाद भी सबसे कम सर्दी

ला नीना प्रभाव के चलते इस बार मौसम विज्ञानियों ने कड़ाके की ठंड का अनुमान जताया था, लेकिन अनुमान के मुताबिक ठंड पड़ी नहीं। राजधानी में 11 साल बाद जनवरी सबसे कम ठंड रही। इस जनवरी अधिकतम तापमान जहां 26 डिग्री पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस से नीचे उतरा ही नहीं। इससे पहले 2009 में न्यूनतम पारा 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था।
माैसम विशेषज्ञाें के अनुसार, उत्तरी हवाओं का प्रभाव फिलहाल कम है, ऐसे में न्यूनतम तापमान आगे भी घटने की बजाय बढ़ेगा। माैसम अनुमान बताने वाली एक निजी वेबसाइट के अनुसार 21 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री तक जा सकता है, ऐसे में अब आगे कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना कम ही है।दिसम्बर के आखिरी हफ्ते में कड़ाके की पड़ने के बाद संभावना थी कि जनवरी में भी जाेरदार सर्दी पड़ेगी लेकिन पश्चिमी विक्षाेभ के चलते न्यूनतम तापमान गिरने की बजाय बढ़ गया। 4, 5, 6 जनवरी काे रात का पारा 15 डिग्री तक पहुंच गया जाेकि सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा है। इस जनवरी केवल पांच बार न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। बीती रात न्यूनतम तापमान 24 घंटे में करीब 3 डिग्री बढ़कर 11.6 डिग्री पहुंच गया। रविवार दिनभर 10 से 15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली।