चित्तौड़गढ़ : नाली में तैरता मिला 5 महीने के बालक का अर्ध विकसित भ्रूण, पुलिस ने रखवाया मोर्चरी में

जिले के डूंगला थाना क्षेत्र में तब हडकंप मच गया जब 5 महीने के बालक का अर्ध विकसित भ्रूण नाली में तैरता मिला। रास्ते से निकल रहे एक युवक ने इसे देखा और इसकी खबर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण को नाली से निकाला और सामुदायिक केंद्र के मोर्चरी में रखवाया। थाना अधिकारी मीणा ने बताया कि यह 5 महीने का भ्रूण है और 8 से 10 घंटे पहले ही यहां फेंका गया होगा। इस तरह से भ्रूण फेंकना अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। भ्रूण के पास मिली पॉलिथीन में एक लाल रंग का कपड़ा था।

डूंगला थानाधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने बताया कि डूंगला-बड़ीसादड़ी रोड पर पुलिया के पास एक नाले में भ्रूण के होने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो अर्ध विकसित एक बालक का भ्रूण पड़ा था। भ्रूण के पास एक प्लास्टिक की थैली पड़ी हुई थी। उस थैली में लाल रंग का एक कपड़ा भी मिला। पास से बंशीलाल नाम का एक युवक निकला, जिसने भ्रूण को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भ्रूण को CHC के मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आसपास जितने भी दाई मां है उनसे पूछताछ की जाएगी। डिस्पेंसरी, प्राइवेट हॉस्पिटल, सरकारी हॉस्पिटल, नर्सिंग होम में भी पूछताछ की जाएगी।