शुक्रवार को शहर के निकट स्थित सिलीसेढ़ झील में तीन दिन से गायब किशनगढ़बास के बोलनी गांव की महिला मनमीत का शव बरामद हुआ। परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बहू को घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। तनाव में आकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया लगता है। परिजनों ने बताया कि महिला फिलहाल अलवर शहर के कालाकुआं में पिहर में रह रही थी। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। लेकिन, शादी के एक महीने बाद ही ससुराल से वापस मायके आना पड़ा।
मनमीत की उम्र 31 साल थी। उसकी शादी जनवरी 2019 में किशनगढ़बास के बोलनी गांव में हुई थी। पति संविदा शिक्षक हैं। शादी के एक महीने के बाद से ही मनमीत को ससुराल से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह ससुराल नहीं गई। महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज का मुकदमा भी किया हुआ था। शादी के करीब दो साल बाद मनमीत चार दिन पहले अचानक घर से गायब हुई थी। मृतका के चाचा अजीत सिंह ने बताया कि परिवार के लोग शादी में कहीं बाहर गए हुए थे। पीछे से मनमीत के गायब होने का पता चला। पहले तो यह लगा कि कहीं ससुराल के लोग अपहरण कर ले गए। लेकिन, बाद में पता लगा कि एक स्कूटी सिलीसेढ़ झील के किनारे खड़ी है। स्कूटी मिलने के तीन दिन बाद में शुक्रवार को मनमीज का शव पानी में तैरता नजर आया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस परिजनों से पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।