जयपुर : बर्थडे पर पबजी के लिए पिता से मांगा मोबाइल, नहीं मिला तो कर ली 12वीं के स्टूडेंट ने आत्महत्या

आजकल के बच्चों के मन में अस्थिरता देखने को मिलती हैं जो जरा सी बात पर रूठ जाते हैं और कई बार गलत काम भी कर बैठते हैं। इसका एक मामला सामने आया हैं राजधानी जयपुर से जहां 12वीं के स्टूडेंट ने 5 दी पहले अपने जन्मदिन पर पिता से पबजी के लिए मोबाइल मांगा था और अब उसे मोबाइल नही दिलाया तो उसने बुधवार रात मां की साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि अभी पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक आदित्य के पिता विजय सिंह ने बताया कि आदित्य पढ़ने में होशियार था। आदित्य अपने दादा के मोबाइल से ऑनलाइन क्लास लेता था। उसके बाद घंटों पबजी गेम खेलता था। पबजी खेलने पर परिवार के सदस्य आदित्य को आए दिन टोकते थे। पबजी गेम खेलने के जुनून के चलते पिता ने उसे बर्थडे पर मोबाइल नहीं दिलाया। इसी बात से नाराज होकर आदित्य ने सुसाइड कर लिया।

सोडाला थानाधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि 18 साल का आदित्य सीताराम कॉलोनी का रहने वाला था। पिता विजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात को खाना खाकर आदित्य अपने रूम में सोने के लिए चला गया था। बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे उठे तो आदित्य के कमरे की लाइट जली देखी। झांक कर देखा तो आदित्य फंदे पर झूलता दिखाई दिया। उसके बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर आदित्य को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जहां परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।