प्रदेश में 8 फरवरी से 6 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल अनलॉक हो जाएंगे। मंगलवार को शिक्षा विभाग ने गाइडलाइन जारी की। इसके तहत इन तीनों कक्षाओं का समय डेढ़ घंटा कम किया गया है। अब ये कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेंगी। सामान्य दिनों में ये कक्षाएं सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगती हैं। अभी एक दिन में 50% बच्चों को ही स्कूल आने की स्वैच्छिक अनुमति होगी। स्कूल खुलने से एक दिन पहले 7 फरवरी को स्कूलों में पेरेंट्स-टीचर मीटिंग होगी।
- सरकारी व निजी स्कूलों में इन तीनों कक्षाओं में 40,82,797 विद्यार्थी हैं। - पहली से 5वीं तक के विद्यार्थी अभी स्कूल नहीं जा सकेंगे। इनकी ऑनलाइन पढ़ाई ही जारी रहेगी। - मिड डे मिल नहीं बनाया जाएगा। - कंटेनमेंट जोन के छठी से आठवीं तक के विद्यार्थी भी नहीं आ सकेंगे। - प्रत्येक कक्षा में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैठक व्यवस्था रहेगी। यथा संभव सभी विद्यार्थियों को बुलाया जाए। - अभिभावकों को कहा गया है कि यदि विद्यार्थी जुकाम-बुखार से पीड़ित है तो स्कूल ना भेंजे। - विद्यार्थी को खुद की पानी की बोतल और खाना लेकर आना होगा।