अलवर : घरेलू विवाद पर पत्नी को गोली मार पूर्व सैनिक ने की खुदकुशी, 2 मासूम हो गए अनाथ

अलवर में में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां घरेलू विवाद पर पूर्व सैनिक द्वारा पहले तो अपनी पत्नी को गोली मार दी गई और फिर खुद आत्महत्या कर ली। माता-पिता की मौत के बाद घर में अब दो मासूम भाई रमन (13) और तरुण (14) ही बचे हैं। इनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। करीब 14 दिन पहले ही रमन और तरुण के दादा का निधन हो गया था। जिनका 2 दिन पहले ही 12वां मनाया गया था। दादा की मौत से परेशान दोनों भाई रमन और तरुण अपनी दादी के पास ही सो रहे थे। तीनों घर के दूसरे कमरे में थे। इस बीच गोली की आवाज सुनकर माता-पिता के पास पहुंचे तो वो खून से लथपथ पड़े हुए थे।

रमन के पिता व पूर्व सैनिक 45 वर्षीय शुभराम जाट ने सोमवार की रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पहले पत्नी को गोली मारी। फिर खुद को। दोनों के सिर में गोली लगी। कुछ ही मिनट में दोनों की मौत हो गई। सीएचसी खैरथल से मंगलवार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। यह घटना जिले के गांव हासपुर कलां की है। शुभराम का उसकी पत्नी से रात्रि करीब साढ़े नौ बजे के आसपास झगड़ा होने की बात सामने आई। झगड़े का कारण पता नहीं चल सका है। रात 10 बजे के बाद पुलिस को वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद दोनों को अस्पताल लेकर जाया गया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।