Russia Ukraine War: डोनेट्स्क में मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत, 35 घायल; अमेरिका का दावा - 10 दिन बाद रूस चित्त हो जाएगा

रूस-यूक्रेन के बिच शुरू हुई जंग को 19 दिन बीत चुके हैं। लेकिन जंग रोकने पर कोई ठोस निर्णय होता नजर नहीं आ रहा है। रूसी सेना लगातार यूक्रेन के शहरों को निशाना बना रही है। सोमवार को रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में अब तक 1,761 आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुताबिक 24 फरवरी से लेकर 13 मार्च तक यूक्रेन में 636 आम नागरिक मारे गए और 1,125 घायल हुए हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया है। हालांकि वह इसका कोई सबूत पेश नहीं कर सका। हालांकि यूक्रेन ने इस हमले से इनकार किया है और कहा है कि यह रूस की ही मिसाइल होगी, जो निशाना चूक गई है। अब रूस इसका आरोप यूक्रेन पर लगा रहा है।

रूस के पास गोला-बारूद और सैन्य शक्ति खत्म

उधर, यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग के बीच अमेरिका के एक पूर्व सैन्य जनरल ने दावा किया है कि रूस के पास महज 10 दिन का ही गोला-बारूद बचा है। यूरोप में अमेरिकी सेना के पूर्व कमांडर बेन होजेस ने दावा किया है कि रूस के पास गोला-बारूद और सैन्य शक्ति खत्म हो रही है। उसे उम्मीद नहीं थी कि यूक्रेन इतने दिन तक टिक सकता है।

मंगलवार को भी जारी रहेगी रूस-यूक्रेन के बीच शांति वार्ता

बता दे, रूस और यूक्रेन के बीच चल रही शांति वार्ता सोमवार को भी अधूरी रही। लड़ाई खत्म करने के लिए किसी सहमति पर पहुंचने में दोनों ही पक्ष नाकाम रहे। यूक्रेनी डेलीगेशन के मेंबर मिखाइलो पोडोलिक ने कहा कि मीटिंग को 'टेक्नीकल पॉज' किया गया है और यह आज मंगलवार को भी जारी रहेगी।