जुड़वा बहनों की एक ही शख्स से शादी...घर वालों की रजामंदी, फिर भी पुलिस ने दर्ज किया मामला

महाराष्ट्र के सोलापुर में बीते शुक्रवार हुई एक शादी देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां, जुड़वा बहनों की एक ही शख्स से शादी हुई है। यह एक लव मैरिज है। दूल्हा और दुल्हन पक्ष दोनों ही इस शादी से बेहद खुश हैं। फिर भी पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ धारा 494 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जिसमें जो कोई भी पति या पत्नी के जीवित होते हुए दूसरा विवाह नहीं कर सकता। इसके लिए 7 साल तक की सजा का प्रावधान है।

बता दें कि शुक्रवार को मालशिरस तहसील में हुई इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि युवक ने 36 वर्षीय जुड़वां बहनों से शादी की, जो आईटी इंजीनियर हैं। वहीं, दुल्हन और दूल्हे के परिवार के लोगों को इस शादी से कोई ऐतराज नहीं है।

बताया जा रहा है कि अतुल मलशीरस नाम का युवक मुंबई में ट्रैवल एजेंसी चलाता है। कुछ दिन पहले पिता का निधन हो गया तो लड़कियां अपनी मां के साथ मलशीरस तालुका आकर रहने लगीं। एक बार जब रिंकी और पिंकी की मां बीमार हो गईं तो दोनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए अतुल की कार का इस्तेमाल किया। इसी दौरान अतुल दोनों जुड़वां बहनों के करीब आ गया। दोनों ने अतुल से शादी करने का फैसला किया। शुक्रवार को दोनों बहनों ने अतुल से शादी कर ली, जिसके बाद इस शादी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगामी कार्रवाई जारी है।