मंगलवार दोपहर कॉमर्स कॉलेज के बाहर दो गुटों में आपसी विवाद हुआ जिसमें एक गुट के छात्रों ने एक युवक पर सिर्फ इसलिए चाकुओं से वार कर दिया क्योंकि उसने दोस्त की बहन को परेशान करने से मना किया था। उपचार के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। जवाहर नगर सीआई रामकिशन ने बताया कि दादाबाड़ी शिवपुरा निवासी मनीष मीणा (22) पुत्र द्वारका लाल मीणा बीएससी सैकंड इयर का छात्र है। जो उसके दोस्त के साथ मंगलवार को कॉमर्स कॉलेज के बाहर बनी चाय की थड़ी पर बैठा था।
वहां कॉमर्स कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र कृष्णा सोनी, आकाश गुर्जर, भव्य पोरवाल समेत अन्य भी बैठे थे। छात्रों के दोनों गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और विवाद बढ़ने पर दोनों गुट आपस में भिड़ गए। आराेप है कि कृष्ण सोनी ने चाकू निकालकर मनीष मीणा पर हमला कर दिया। चाकू मनीष के दाएं हाथ पर लगने से वह लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गए।पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मनीष के दोस्त की बहन को कुछ लड़के परेशान करते थे। मनीष की इस संबंध में कृष्ण सोनी से बात हुई थी और वो उससे बात करने के लिए ही कॉमर्स कॉलेज गया था। उसे सोनी ने फोन कर बुलाया या सोनी को मीणा ने बुलाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। जवाहर नगर सीआई रामकिशन का कहना है कृष्ण सोनी, आकाश, भव्य पोरवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।