जयपुर: 9वीं की छात्रा के साथ डेढ़ महीने से हो रहा था दुष्कर्म, ऐसे हुआ खुलासा

जयपुर में एक 15 साल की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह वारदात पड़ोस की कॉलोनी में रहने वाले युवक ने की। दुष्कर्म का यह सिलसिला पिछले करीब दो महीने से चल रहा था। घटना का पता चलने पर पीड़िता के पिता ने करधनी थाने में सोमवार रात को मामला दर्ज करवाया, जिसकी जांच थानाप्रभारी बीएल मीणा कर रहे हैं। आरोपी फिलहाल फरार है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाबालिग 9वीं कक्षा की छात्रा है। वह सोमवार को घर से स्कूल के लिए निकली थी। दोपहर को घर नहीं लौटी तब परिजनों को चिंता हुई। पिता ने स्कूल में पूछताछ की। इसके कुछ देर बाद बालिका अपने घर पहुंच गई। तब वह स्कूल यूनिफॉर्म में नहीं थी। पूछने पर उसने बताया कि दीपक सैनी नाम का लड़का उसे स्कूल के बाद अपने साथ मानसरोवर ले गया। वहां एक जगह उसके साथ दुष्कर्म किया।

मना करने पर जाना से मारने की धमकी देता था

नाबालिग ने बताया कि पिछले डेढ़-दो महीने से दीपक उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। अक्सर उसे स्कूल के बाहर से जबरदस्ती साथ ले जाता था। मना करने पर जान से मारने की धमकी देता था। इसलिए डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। बेटी के साथ दुष्कर्म की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने करधनी थाने पहुंचकर केस दर्ज करवाया।