जोधपुर: 'सुसाइड करने जा रही हूं, बस चेहरा देख लेना', पापा को फोन कर हाेटल की 6ठी मंजिल से कूदी मॉडल, चेस्ट और पांव में फ्रैक्चर; हालत गंभीर

जोधपुर शहर की एक 19 साल की मॉडल ने रविवार को रातानाडा की एक होटल के छठे फ्लोर से छलांग लगा दी। उसका नाम गुनगुन उपाध्याय है जो जोधपुर शहर के माता का थान निवासी गणेश उपाध्याय की बेटी हैं। गंभीर स्थिति में उसे जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के अनुसार उसकी स्थिति काफी गंभीर है। मॉडल की चेस्ट के साथ पांव में भी फ्रैक्चर हुआ है। ऊंचाई से गिरने पर ब्लड लॉस भी काफी हुआ है। उसे ब्लड चढ़ाया जा रहा है। अभी वह बेहोश है, इसलिए ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है।

पुलिस जानकारी के अनुसार, गुनगुन मॉडलिंग करती है। वह शनिवार को उदयपुर से जोधपुर आई थी। जोधपुर आने के बाद उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह सुसाइड करने जा रही है। बस मेरा चेहरा देख लेना। उसके बाद पिता गणेश ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। तब एसीपी देरावर सिंह ने फोन नंबर के आधार पर मॉडल गुनगुन की लोकेशन निकाली। फिर पुलिस रातानाडा इलाके की होटल पहुंची। उससे पहले ही गुनगुन ने होटल की छठी मंजिल से छलांग लगा दी और वह नीचे गिरते ही बेहोश हो गई, हालांकि उसको तुरंत मथुरादास माथुर हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

हॉस्पिटल के डॉक्टर ने बताया कि मॉडल गुनगुन की चेस्ट के साथ उसके पैर में भी फैक्चर है। अभी उसकी स्थिति काफी गंभीर है, लेकिन सुसाइड की कोशिश क्यों की, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। गुनगुन के ऊंचाई से नीचे गिरने पर काफी ब्लड निकला है। लगातार डॉक्टरों की टीम ब्लड चढ़ा रही है।