राजस्थान: जोधपुर में 3 महीने की प्रेग्नेंट महिला ने दी जान, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

राजस्थान के जोधपुर में एक महिला ने सुसाइड कर लिया। महिला तीन महीने की प्रेग्नेंट थी। पिता का आरोप है कि सुसाइड से एक दिन पहले बेटी ने कॉल किया था। वह बोल रही थी कि पापा मुझे बचा लो। यह लोग मुझे मार देंगे। इसके बाद अगले दिन ससुराल वालों का कॉल आया कि बेटी ने सुसाइड कर लिया है। पिता ने बताया कि जब वे ससुराल पहुंचे तो उसके पैर जमीन पर टिके थे। उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है। घटना 14 फरवरी की मतोड़ा थाने की है। भदवासिया निवासी मृतका के पिता प्रकाश गवारिया ने बताया कि 2018 में उनकी बेटी नर्मदा(24) की शादी मतोड़ा निवासी जगमाल (29) से हुई थी। 13 फरवरी को बेटी का कॉल आया। वह रो रही थी। उसने रोते हुए कहा कि यह लोग उसे मार देंगे उसे यहां से ले जाओ। दूसरे दिन उसने सुसाइड कर लिया। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी के ससुराल वाले आए दिन दहेज को लेकर परेशान करते थे। मारपीट भी की। कई बार रात में भी उसकी पिटाई की गई। 3 महीने की प्रेग्नेंट होने के बाद भी ससुराल वाले उसे टॉर्चर करते थे। पिता प्रकाश ने ससुराल वालों पर हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने थाने में मामला भी दर्ज कराया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर मंगलवार को एक एनजीओ के जरिए एसपी के पास पहुंचे और कार्रवाई करने की मांग की।

नर्मदा का पति जगमाल चूड़ी का काम करता है। उसकी दुकान है। पिता का आरोप है कि 14 फरवरी को मतोड़ा थाने में पति जगमालराम, ससुर कुम्भाराम, सास व दादी ससुर शैतानराम, व देवर नारुराम पर हत्या का मामला दर्ज कराया थाा। लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। पिता का कहना है कि आखिर परिवार ने एनजीओ भावना संस्था से संपर्क किया। इसके बाद एसपी से मिलकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की।