जयपुर में चचेरे भाई-बहन ने किया सुसाइड, पेड़ पर फंदे से लटके मिले दोनों के शव

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात चचेरे भाई-बहन ने सुसाइड कर लिया। देर शाम से लापता दोनों भाई-बहन के शव शनिवार सुबह मुंडियारामसर गांव में एक पेड़ से लटका मिला। पेड़ पर फंदे से शव लटके मिलने का पता चलने पर लोगों में सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए। पुलिस सुसाइड के पीछे के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दोनों शव का कावंटिया हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने मृतकों के पास से सुसाइड नोट मिलने की बात से इंकार किया है। पुलिस सुसाइड के पीछे के कारण का पता लगाने के लिए परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

SHO भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान ओमी बंजारा (20) और मृतका की संजू बंजारा (14) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन है और दोनों मुंडियारामसर गांव में ही रहते है। देर शाम से ही दोनों चचेरे भाई-बहन घर से गायब थे। रात को घर नहीं पहुंचने पर घबराए परिजन दोनों को ढूंढते रहे।