राजस्थान : डकैत को पकड़ने गई पुलिस पर चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक कांस्टेबल गंभीर हालत में

पुलिस द्वारा लगातार आपराधिक और आराजक तत्वों पर कारवाई की जा रही हैं। इसी कारवाई के तहत पुलिस राजस्थान के धौलपुर में डकैत केशव गुर्जर को पकड़ने गई थी लेकिन वहां पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चली जिसमे एक कांस्टेबल के सीने में कई गोलियां लगी और वह गंभीर रूप से घायल हैं। कांस्टेबल को पहले अलवर रैफर किया गया। अब हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए जयपुर लाया गया है।

पुलिस को रविवार शाम डकैत के बार में जानकारी मिली थी। इसके बाद देर रात सर्च अभियान चलाया गया। जिसके तहत जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी। इस दौरान डकैत केशव गुर्जर के साथ मुठभेड़ हो गई। जिसमें सदर थाने में तैनात कांस्टेबल अवधेश शर्मा को गोली लगी है। इसके बाद अवधेश को सीरियस हालत में आगरा रेफर कर दिया गया है। जिसे अब जयपुर लाया गया है। वहीं, डकैत रात के अंधेरे में फरार हो गया।

वहीं, डकैत को पकड़ने के लिए जंगल में बड़ी संख्या में पुलिसबल भेज दिया गया है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए खुद एसबी केशर सिंह शेखावत मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस द्वारा जंगल को चारों तरफ से घेर लिया गया है।

कांस्टेबल को O पॉजिटिव खून की आवश्यकता

मुठभेड़ में घायल अवधेश शर्मा को कई जगह गोली लगने से उनकी हालत काफी गंभीर है। साथ ही उन्हें काफी मात्रा में O पॉजिटिव खून की आवश्यकता है। इसके लिए पुलिस द्वारा मैसेज के जरिए सहायता की अपील की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई रक्त देने का इच्छुक हो तो तुरंत पुलिस लाइन में संपर्क करें।

गौरतलब है कि जिले में दस्यु उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी केशव गुर्जर के साथियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। करीब 5 महीने पहले केशव गुर्जर को हथियार एवं राशन सामग्री पहुंचाने वाले 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।