कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के पिता का 84 वर्ष की आयु में निधन, जयपुर में होगा अंतिम संस्कार

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर के पिता, कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौर का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। खेल मंत्री ने इस दुःखद समाचार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी 2025 को उनके पिता का अंतिम संस्कार जयपुर के पानीवाला क्षेत्र में किया जाएगा।

कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, बहुत ही दुःख के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पिताश्री कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ जी का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार 7 फरवरी 2025 को पांच्यावाला, जयपुर में किया जाएगा।

कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ भारतीय सेना में लंबी और समर्पित सेवा देने वाले एक महान और अनुकरणीय व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी देश की रक्षा और सेवा में समर्पित की। उनके आदर्श, शिक्षा और मार्गदर्शन ने न केवल उनके परिवार बल्कि समाज को भी प्रेरित किया।

कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पिता के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदना

अपने पिता के निधन पर कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, उनकी शिक्षा, आदर्श और आशीर्वाद सदैव मुझे कर्तव्यपथ पर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि मेरे पूज्य पिताजी की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

वासुदेव देवनानी ने जताया शोक

कर्नल राठौड़ के पिता के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। साथ ही शोकाकुल परिवार को सांत्वना भी दी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के पिता श्री लक्ष्मण सिंह जी के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।