राजस्थान : किरण माहेश्वरी के निधन पर PM मोदी-अशोक गहलोत समेत कई नेताओं ने व्यक्त की संवेदना

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी (59) का रविवार देर रात निधन हो गया। किरण माहेश्वरी 28 अक्टूबर को कोरोना वायरस पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें 7 नवंबर को एयर एंबुलेंस से उदयपुर से मेदांता अस्पताल ले जाया गया था। पिछले 22 दिनों से उन्हें मेदांता के आईसीयू में भर्ती रखा गया था। किरण माहेश्वरी ने निधन पर प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह चौहान और नागौर से RLP सांसद हनुमान बेनीवाल समेत कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। सभी नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

असामयिक निधन से पीड़ा हुई: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन से पीड़ा हुई। राजस्थान सरकार में सांसद, विधायक या कैबिनेट मंत्री के रूप में रहीं, उन्होंने राज्य की प्रगति की दिशा में काम करने के लिए कई प्रयास किए। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति:

मुख्यमंत्री गहलोत ने लिखा कि भाजपा नेता और राजसमंद के विधायक किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से दुखी हूँ। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। भगवान उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति दे। उसकी आत्मा को शांति मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा कि पूर्व मंत्री एवं राजसमन्द विधायक किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूं, दुःखी हूं। किरण का यूं अलविदा कह देना भाजपा परिवार के लिए ही नहीं, मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शान्ति व परिजनों को संबल प्रदान करें। स्व. किरण से मेरा गहरा लगाव था। उन्होंने सदैव भाजपा को मजबूती प्रदान की और आजीवन भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में भूमिका निभाई। उनके निधन से संगठन में हुए खालीपन को भरना आसान नहीं होगा। आज वो हमारे बीच नहीं है लेकिन हमारी स्मृतियों में वे सदैव जिंदा रहेंगी।

केंद्र मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा कि पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व मंत्री राज।सरकार, पार्टी की वरिष्ठ व समर्पित कार्यकर्त्ता, मेरी बड़ी बहन किरण माहेश्वरी जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःखी हूं। उनका जाना ना सिर्फ संगठन की, परिवार की बल्कि मेरी भी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे।

लोकसभा सांसद हनुमान बेनीवाल ने लिखा राजस्थान सरकार की पूर्व मंत्री व वर्तमान राजस्थान विधानसभा सदस्य श्रीमती किरण माहेश्वरी जी के आकस्मिक निधन के दुःखद समाचार प्राप्त हुए ! ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवगंत आत्मा को अपने श्री चरणों मे स्थान प्रदान करे व उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करे !

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है। बिरला ने अपने ट्वीट में कहा कि 'बहन किरण जी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया। मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। किरण जी के साथ राजनीतिक-सामाजिक जीवन में लंबे अरसे तक काम किया। सामाजिक विषयों विशेषतः महिलाओं व वंचित वर्गों के अधिकारों की वे सशक्त आवाज थीं। दीन-दुखियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली किरण जी को उनकी निर्भीकता व स्पष्टवादिता के लिए सदैव याद किया जाएगा'

बता दे, राजसमंद विधायक रही किरण माहेश्वरी के शव को विशेष विमान से उदयपुर लाया जा रहा है। जहां उनके समर्थकों और परिजनों द्वारा उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।