बीकानेर : कलेक्टर कार्यालय के आगे चूल्हे पर चाय बना किया गया सिलेंडर के बढ़ते दामों का विरोध

देश में लगातार गैस सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं जिसका असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा हैं। बीते तीन महीने में सवा दो सौ रुपये दाम बढ़ चुके हैं। बढ़ते दामों को लेकर देशभर में विरोध किया जा रहा हैं। इसमें मंगलवार को बीकानेर में कलक्टर कार्यालय के आगे बीच सड़क पर महिलाओं द्वारा चूल्हे पर चाय बना सिलेंडर के बढ़ते दामों का विरोध किया गया। महिलाएं लकड़ी जलाकर चूल्हे पर चाय बनाती नज़र आई। आग की आंच कम होती तो फुँकनी से हवा दे रही थी।

महिला काँग्रेस की जिलाध्यक्ष सुनीता गौड़ के साथ कार्यकर्ता काफी देर तक सड़क पर ही रही। गौड़ ने कहा कि भाजपा अच्छे दिन की बात कर रही थी। अगर इतनी महंगाई ही अच्छे दिन थे तो हमें पुराने दिन ही लौटा दो। पेट्रोल व डीजल की रेट बढ़ने से महंगाई बढ़ रही थी, अब गैस की रेट बढ़ने से रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। अकेले फरवरी में तीन बार सिलेंडर महंगा हो गया। चार फरवरी को 25 रुपये, 15 फरवरी को पचास रुपये, 25 फरवरी को 25 रुपये महंगा हो गया था। अभी भी रेट बढ़ने की आशंका बनी हुई है। मंगलवार को सिलेंडर की कीमत 832 रुपये हो गई।