नवरात्रि के मौके पर 14 अप्रैल को आईआरसीटीसी प्रस्तावित रामायण रेल यात्रा शुरू होनी थी जिसे अब बढ़ते कोरोना के खतरे को देखते हुए रद्द कर दिया गया हैं। 14 अप्रैल को श्रीगंगानगर से रवाना होने वाली यह ट्रेन हनुमानगढ़, बीकानेर, रतनगढ़, चूरू, सीकर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी होते हुए दिल्ली के रास्ते सबसे पहले 15 अप्रैल को अयोध्या पहुंचनी थी। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र सहित राज्यों में संक्रमण बढ़ने से यात्रा रद्द कर दी गई है।
30 अप्रैल तक 17 दिवसीय इस यात्रा में भगवान श्रीराम से संबंधित देशभर के सभी स्थलों अयोध्या, नंदीग्राम, सीतामढ़ी, वाराणसी, सीता समाहित स्थल, प्रयागराज, शृंगवेरपुर, चित्रकूट, नासिक, हम्पी, कांचीपुरम, रामेश्वरम की सैर का प्रस्ताव था। 16 रात-17 दिन की यात्रा का कुल खर्च एसी में 26 हजार 775 रुपए और नॉन एसी में 16 हजार 65 रुपए निर्धारित था। इसमें नाश्ता, दोपहर और रात्रि का भोजन, धर्मशाला की सुविधा उपलब्ध थी।